कोरबा: मुरली होटल में सांभर में मिला कीड़ा, खाद्य विभाग ने होटल बंद करने का दिया नोटिस

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले के कटघोरा में खाद्य सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर लापरवाही सामने आई है। मुख्य मार्ग स्थित मुरली होटल में शुक्रवार सुबह ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद होटल में मौजूद ग्राहकों ने नाराजगी जताई और पूरे मामले का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह होटल में कई ग्राहक डोसा और सांभर का नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान एक ग्राहक की प्लेट में सांभर के अंदर कीड़ा नजर आया। उसने तत्काल इसकी जानकारी अन्य ग्राहकों को दी। शिकायत मिलने पर होटल स्टाफ ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना से नाराज कुछ ग्राहक बिना खाना खाए ही होटल से बाहर निकल गए।

शिकायत मिलते ही खाद्य विभाग की टीम पहुंची

मामले का वीडियो सामने आने के बाद खाद्य विभाग हरकत में आया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास भगत के नेतृत्व में टीम ने कटघोरा पहुंचकर मुरली होटल सहित शारदा स्वीट्स का निरीक्षण किया। मुरली होटल से सांभर का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

निरीक्षण के दौरान होटल में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के निर्धारित नियमों का पालन भी नहीं किया जा रहा था।

अगले आदेश तक कारोबार पर रोक

खाद्य विभाग ने निरीक्षण में मिली खामियों को गंभीरता से लेते हुए मुरली होटल को अगले आदेश तक बंद रखने का नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही होटल में खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। अब सांभर के सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले एनटीपीसी क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-वड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस मामले में भी खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शहर और जिले के होटल-रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ग्राहकों ने मांग की है कि केवल शिकायत मिलने पर ही नहीं, बल्कि जिले के सभी बड़े होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Share This Article