CSEB कर्मचारी की ग्रेच्युटी और बोनस की रकम में हेराफेरी, 56 हजार रुपये गबन करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सीएसईबी विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि की रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर गबन करने के मामले में कोरबा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आरटीजीएस के माध्यम से विभागीय राशि 56 हजार 65 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, तुलसीनगर कोरबा कार्यालय के प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई थी।

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेही हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था। इसी दौरान उसने एक कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस एवं अनुग्रह राशि की कुल 56,065 रुपये की रकम आरटीजीएस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली थी।

मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध घटित होना पाए जाने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 336, 340 एवं 238 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Share This Article