कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था के बीच महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। अपने बच्चे का टीकाकरण कराने पहुंची महिला के साथ गोढ़ी निवासी एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अभद्र हरकत की। महिला के विरोध के बाद अस्पताल में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार महिला अपने बच्चे को टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंची थी। इसी दौरान दुर्गा शंकर ढहरिया नामक व्यक्ति अस्पताल परिसर में उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। बताया जा रहा है कि आरोपी काफी देर से अस्पताल में घूम रहा था। घटना के बाद महिला ने विरोध जताया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
सूचना मिलने पर जिला अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। डायल 112 को भी बुलाया गया। बाद में आरोपी को सिविल लाइन थाना पुलिस के सुपुर्द किया गया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया और न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल में निजी सुरक्षा एजेंसी के कर्मचारी तैनात होने के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद परिसर में छेड़छाड़, चोरी और विवाद जैसी घटनाओं की शिकायतें सामने आना सुरक्षा इंतजामों की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है।
