कोरबा में हाथियों का आतंक: 65 हाथियों के झुंड ने गांव में मचाई तबाही, मकान तोड़ा और फसल चौपट की, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

 

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के पसान क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात 65 हाथियों के विशाल दल ने बनखेता गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने एक ग्रामीण के कच्चे मकान की दीवार तोड़ दी और घर में रखा धान-चावल खा गए। इतना ही नहीं, घर के बर्तनों को भी पैरों से कुचलकर नुकसान पहुंचाया। हाथियों की आहट मिलते ही एक परिवार को जान बचाने के लिए अपना घर छोड़कर भागना पड़ा।

रात 10 से 11 बजे गांव में घुसा हाथियों का दल

ग्रामीणों के मुताबिक रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हाथियों का दल चिंघाड़ते हुए गांव में दाखिल हुआ। हाथियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। इसी दौरान एक परिवार ने हाथियों को अपने मकान की ओर बढ़ते देखा और सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकला।

इसके बाद हाथियों ने मकान की दीवार तोड़कर अंदर रखे धान और चावल को खा लिया। घर में रखे बर्तनों को भी नुकसान पहुंचाया। गांव में उत्पात मचाने के बाद हाथियों का दल खेतों की ओर बढ़ गया, जहां पकने की तैयारी में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया।

 

बालियां निकलने के बाद फसल पर हाथियों का कहर

खेतों में इस समय धान की फसल में बालियां आ चुकी हैं। ऐसे में हाथियों के झुंड ने कई एकड़ में खड़ी फसल को पैरों तले रौंद दिया। कुछ फसल को हाथियों ने खा भी लिया। किसानों के सामने अब मेहनत और लागत दोनों के नुकसान का संकट खड़ा हो गया है।

कटघोरा में 52 और करतला में 13 हाथियों की मौजूदगी

वन विभाग के अनुसार, कटघोरा वनमंडल में 52 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। मरवाही क्षेत्र से लौटने के बाद यह दल पसान सर्किल के तराईनार जंगल में डेरा जमाए हुए है। रात के समय हाथियों का दल दो से तीन समूहों में बंटकर भर्रापारा, कुम्हारीसानी, बोकरामुड़ी, तराईनार और बनखेता सहित आसपास के गांवों तक पहुंच रहा है।

वहीं, कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 13 हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है। इस तरह पूरे जिले में कुल 65 हाथी विचरण कर रहे हैं।

एक महीने में 33 एकड़ फसल और 250 से अधिक मकानों को नुकसान

हाथियों का आतंक किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। वन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक महीने में दोनों वनमंडलों में हाथियों ने करीब 33 एकड़ धान की फसल बर्बाद कर दी है। इसके अलावा 250 से अधिक मकानों को भी नुकसान पहुंचाया गया है।

लगातार हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीणों और किसानों ने वन विभाग से क्षतिग्रस्त मकानों और बर्बाद हुई फसलों का उचित मुआवजा देने की मांग की है।

24 घंटे निगरानी, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

पसान वन परिक्षेत्र अधिकारी के मुताबिक हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाथी मित्र दल और वन विभाग की टीमें लगातार 24 घंटे गश्त कर रही हैं। प्रभावित गांवों में मुनादी कराकर लोगों को हाथियों की आवाजाही की जानकारी दी जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से रात के समय जंगल की ओर नहीं जाने, खेतों में नहीं सोने और हाथियों को भगाने या उनके नजदीक जाने का प्रयास नहीं करने की अपील की है।

Share This Article