कोरबा में ट्रेलर चोरी कर झारखंड पहुंचा आरोपी, पुलिस ने फिल्मी अंदाज में किया पर्दाफाश

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के गेवरा-दीपका क्षेत्र में खड़े ट्रेलर को चोरी कर झारखंड ले जाने वाले आरोपी को दीपका पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी ने चोरी के ट्रेलर को अपने ही ट्रेलर हॉर्स से जोड़ लिया और किसी को भनक तक नहीं लगने दी। हालांकि, टोल प्लाजा और सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों ने उसकी चालाकी की पोल खोल दी। पुलिस ने झारखंड से चोरी का ट्रेलर बरामद करने के साथ ही उसे ले जाने में इस्तेमाल किए गए ट्रेलर हॉर्स को भी जब्त कर लिया है। बरामद ट्रेलर की कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।

स्कूल मैदान में खड़ा था ट्रेलर, रातोंरात हुआ गायब

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, तिवरता निवासी शिवम अग्रवाल ने दीपका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका ट्रेलर क्रमांक CG 10 CG 8684 नवजागृति शिशु मंदिर स्कूल मैदान में खड़ा था। 3 और 4 नवंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात व्यक्ति उसे चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 462/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज ने खोला चोरी का राज

चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के रास्तों और टोल टैक्स बैरियर पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसी दौरान 4 नवंबर की रात एक संदिग्ध ट्रेलर हॉर्स में चोरी का ट्रेलर ले जाते हुए दिखाई दिया। जांच आगे बढ़ी तो ट्रेलर हॉर्स का नंबर CG 12 BM 9230 सामने आया। पुलिस ने इसी सुराग को आधार बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की।

झारखंड में छिपा मिला आरोपी, ट्रेलर भी बरामद

दीपका थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम झारखंड पहुंची और गढ़वा जिले के ग्राम चमा निवासी एमडी खुशबुल्ला अंसारी (35) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ट्रेलर चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने चोरी के ट्रेलर को अपने ट्रेलर हॉर्स में जोड़कर झारखंड ले जाने की जानकारी दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम जरही, थाना डंडई, जिला गढ़वा से चोरी किया गया ट्रेलर और वारदात में इस्तेमाल ट्रेलर हॉर्स दोनों बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी सहित दीपका पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Share This Article