कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरेना में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब खोलार नदी में एक व्यक्ति का शव मिला। मृतक की पहचान गांव के ही 55 वर्षीय बाबूलाल निर्मलकर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बाबूलाल निर्मलकर मंगलवार को घर से नहाने के लिए खोलार नदी जाने निकले थे। बताया जा रहा है कि उनकी तबीयत पिछले काफी समय से ठीक नहीं रहती थी। दोपहर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसी बीच नदी की ओर मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने पानी में उनका शव देखा।
शव मिलने की खबर गांव में फैलते ही लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद पति शिवरतन को दी। इसके बाद बांकी मोंगरा पुलिस को सूचना दी गई। थाना प्रभारी राम कुमार साव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई की।

नदी किनारे मिले नहाने के सामान
पुलिस को घटनास्थल पर नदी किनारे मृतक के कपड़े, हाफ पैंट, साबुन, गमछा, लाठी, तेल और गुड़ाखू की डिब्बी मिली है। इसके अलावा मृतक के हाथ में गोल्डन रंग की घड़ी भी थी। मौके पर मिले सामान से यह संभावना जताई जा रही है कि बाबूलाल नदी में नहाने पहुंचे थे।
डूबने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से बाबूलाल नदी में डूब गए होंगे। हालांकि, उनकी मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी राम कुमार साव के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद ग्राम पुरेना में शोक का माहौल है।
