सोशल मीडिया पर किन्नर के फोटो के साथ कथित देह व्यापार का आरोप लगाने का मामला, सैली किन्नर पहुंचीं SP के पास; उदय चौधरी पर FIR की मांग

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  सोशल मीडिया पर तस्वीरों के साथ कथित तौर पर आपत्तिजनक और भ्रामक जानकारी प्रसारित किए जाने को लेकर कोरबा में विवाद खड़ा हो गया है। कोहड़िया निवासी सैली किन्नर ने स्वयं को पत्रकार एवं समाजसेवी बताने वाले उदय चौधरी के खिलाफ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उन्हें स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित करने वाला बताकर पोस्ट प्रसारित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने इसे झूठा और मानहानिकारक बताते हुए आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

तस्वीर के साथ आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने का आरोप

पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में सैली किन्नर ने कहा है कि सोशल मीडिया पर उनकी वास्तविक तस्वीर के साथ ऐसी सामग्री साझा की जा रही है, जिससे उनकी सामाजिक छवि खराब हो रही है। उनका आरोप है कि इन पोस्टों के कारण उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर सोशल मीडिया पर सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुराने विवाद को लेकर भी लगाए उत्पीड़न के आरोप

ज्ञापन में थाना दीपका में पूर्व में दर्ज दो पक्षों के काउंटर मामलों का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, अपराध क्रमांक 02/10/26 और 22/10/26 से जुड़े मामले फिलहाल विचाराधीन हैं। उनका कहना है कि पुराने विवादों के बावजूद सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत आरोप लगाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबित मामलों को आधार बनाकर उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

ट्रांसजेंडर अधिकारों और मानहानि कानून के तहत कार्रवाई की मांग

सैली किन्नर ने अपनी शिकायत में सुप्रीम कोर्ट के नालसा और निजता के अधिकार से जुड़े फैसलों का हवाला दिया है। उन्होंने ट्रांसजेंडर व्यक्ति (अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 18(d) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 356, 351 एवं 352 के तहत कार्रवाई की मांग की है।

इसके अलावा साइबर सेल से संबंधित फेसबुक-इंस्टाग्राम पोस्ट, वीडियो, URL और अकाउंट की जानकारी सुरक्षित रखने तथा डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने का अनुरोध किया गया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है।

राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया मामला

शिकायत की प्रतिलिपि राष्ट्रपति, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री, गृह विभाग के सचिव, बिलासपुर रेंज के आईजी, कोरबा कलेक्टर, दीपका थाना प्रभारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भी भेजी गई है। शिकायतकर्ता ने मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।

उदय चौधरी को लेकर पहले भी शिकायतों का दावा

ज्ञापन में उदय चौधरी के खिलाफ पूर्व में भी पुलिस शिकायतें होने का उल्लेख किया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि दो दिन पहले एक अन्य व्यक्ति ने भी उनके खिलाफ कथित ब्लैकमेलिंग और उगाही को लेकर एसपी से शिकायत की थी। साथ ही, उनके विरुद्ध पूर्व में दर्ज मामलों और गुंडा सूची में नाम शामिल करने के लिए पुलिस स्तर पर प्रतिवेदन तैयार किए जाने की बात भी कही गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article