पत्नी पर शक में पति ने खोया आपा: पत्नी पर हमला करने के दौरान घायल हुआ ढाई महीने का मासूम; इलाज के दौरान मौत

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा गांव में घरेलू विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। पत्नी के चरित्र पर संदेह करने वाले पति ने गुस्से में आकर पत्नी और गोद में मौजूद महज ढाई माह के बेटे पर जलाऊ लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया जबकि मां का उपचार जारी है।

यह घटना 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक महिला अपने छोटे बेटे सोमू को गोद में लेकर दूध पिला रही थी। इसी दौरान उसका पति द्वारिका प्रसाद केंवट (29 वर्ष) वहां पहुंचा और चरित्र को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा। बात बढ़ने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और घर में रखी जलाऊ लकड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से बचने के लिए महिला ने हाथ से वार रोकने की कोशिश की। इस दौरान उसकी दाहिनी कलाई में चोट आई, लेकिन गोद में मौजूद मासूम भी हमले की चपेट में आ गया। बच्चे के सिर के बाएं हिस्से में गंभीर चोट लगी और सूजन आ गई।

परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल, नहीं बच सकी मासूम की जान

चीख-पुकार सुनकर महिला के जेठ राजू केंवट और जेठानी सुमित्रा केंवट मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल मां और बच्चे को कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

शिकायत के बाद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया

पीड़िता ने घटना की शिकायत कटघोरा थाने में दर्ज कराई। शिकायत में उसने पति पर लंबे समय से चरित्र को लेकर संदेह करने, गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मामले में आरोपी द्वारिका प्रसाद केंवट के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Share This Article