कोरबा: शारदा विहार मोड़ के पास बीच सड़क पर युवक की पिटाई, बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी से भी उलझा आरोपी; वीडियो वायरल

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read



कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत में सरेराह मारपीट की घटना से हड़कंप मच गया। शारदा विहार मोड़ के पास एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने पहुंचे पुलिसकर्मी को भी आरोपी युवक ने नहीं बख्शा और उसके साथ धक्का-मुक्की करने लगा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक मुड़ापार स्थित शारदा विहार मोड़ के पास केदार श्रीवास की नाई दुकान है। घटना के समय उनका बेटा रितेश श्रीवास दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान शारदा विहार निवासी पंकज शर्मा वहां पहुंचा। रितेश के अनुसार आरोपी ने दुकान को लेकर अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

आरोप है कि पंकज शर्मा ने रितेश के साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर में चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तब और बिगड़ गई जब पास में रहने वाले पुलिसकर्मी रूपम राजपूत ने हस्तक्षेप किया।

बताया जा रहा है कि मारपीट होते देख पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी उनसे भी उलझ गया और धक्का-मुक्की करने लगा। सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना को किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

आरोपी के व्यवहार को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी

घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि संबंधित युवक का पहले भी विवादों में नाम सामने आता रहा है। लोगों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

मारपीट में घायल रितेश श्रीवास ने मानिकपुर चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article