कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बालको प्लांट में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। दो युवकों ने प्लांट के अंदर से कॉपर केबल काटकर उसे अपने शरीर पर लपेट लिया और ऊपर से कपड़े पहनकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। लेकिन गेट पर तैनात सुरक्षा गार्डों की नजर उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ गई। तलाशी लेने पर दोनों के पास से करीब 49 किलो कॉपर वायर बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। बालकोनगर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पकड़े गए युवकों की पहचान पथरीपारा निवासी भीम मल्लाह (23 वर्ष) और भटगांव उपरपारा निवासी नरेश कुमार कंवर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों गेट पास कार्ड के जरिए प्लांट के अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने रात के समय प्लांट में CH-04 के सामने खुले में रखे केबल ड्रम से AIFL कंपनी की कॉपर केबल काट ली।

सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से खुला मामला
आरोपियों ने कॉपर वायर का प्लास्टिक कवर हटाया और तांबे के तार को अपने शरीर पर लपेट लिया। इसके बाद कपड़ों से उसे छिपाकर प्लांट से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गेट पर ड्यूटी कर रहे सुरक्षा गार्ड संदीप श्रीवास्तव और मुकेश बरेठ को उनकी हरकतें संदिग्ध लगीं। जब दोनों की तलाशी ली गई तो चोरी का मामला सामने आ गया।
सुरक्षा गार्डों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बालकोनगर पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर पूछताछ शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर बरामद कॉपर वायर का वजन 49.280 किलो निकला, जिसकी कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है।
कटर और रस्सी भी बरामद
पुलिस ने घटनास्थल से केबल का कटा हुआ हिस्सा और पास की इमारत की छत से प्लास्टिक कवर के अवशेष भी जब्त किए हैं। आरोपियों के पास से कटर, हेक्सा ब्लेड और रस्सी बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कर्मचारियों की छुट्टी का फायदा उठाकर चोरी की योजना बनाई थी। रात के समय सुनसान जगह देखकर केबल काटी और उसे शरीर पर छिपाकर बाहर ले जाने की कोशिश की।
बालकोनगर पुलिस ने शिकायतकर्ता मनीष विश्वास की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 303(2), 3(5) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच के साथ प्लांट में गेट पास कार्ड के इस्तेमाल और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
