कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कटघोरा के मुरली होटल में सांभर के अंदर कीड़े मिलने की घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को विभाग की टीम ने दो मिठाई दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रजगामार की एक दुकान में बड़ी मात्रा में खराब मिठाई मिलने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक खाद्य विभाग की टीम ने शिकायत मिलने पर कोरबा के पावरहाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग में जांच की। यहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद अधिकारियों ने खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने एकत्र किए। दोनों नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व्यवस्था की गंभीर अनदेखी सामने आई। दुकान के किचन और स्टोर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इसके अलावा मौके पर करीब 70 से 75 किलो खराब मिठाई भी पाई गई। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी मिठाई को नष्ट करा दिया। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त होने तक दुकान को बंद करा दिया गया।
अधिकारियों ने दुकान संचालक को खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
लगातार जारी रहेगा जांच अभियान
खाद्य विभाग के अनुसार जिले के होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कटघोरा के मुरली होटल में सांभर में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद खाद्य विभाग ने जिलेभर में निगरानी बढ़ा दी है। विभाग ने नागरिकों से भी अपील की है कि कहीं खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी या खराब सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी शिकायत तत्काल खाद्य विभाग से करें।
