रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ने की संभावना है। इसके चलते 20 और 21 नवंबर को कई जिलों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने दोनों दिनों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के साथ गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है।
50 किमी की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी आशंका जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।
आंध्र-ओडिशा तट की ओर बढ़ रहा चक्रवात
दक्षिण बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना है। इस दौरान चक्रवात की हवाओं की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
18 नवंबर को दोपहर 2:30 बजे चक्रवात आंध्र प्रदेश के नरसापुर से करीब 520 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, चेन्नई से 560 किलोमीटर पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से लगभग 660 किलोमीटर दक्षिण में स्थित था। इसके आगे बढ़ने के साथ छत्तीसगढ़ में भी मौसम की गतिविधियां तेज होने का अनुमान है।
बलरामपुर में सबसे ज्यादा ठंड, 8.9 डिग्री दर्ज हुआ तापमान
एक तरफ बारिश का अलर्ट है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश में ठंड का असर भी लगातार बना हुआ है। बुधवार को बलरामपुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में रात का तापमान 9.2 डिग्री रहा।
राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री दर्ज हुआ।
दो दिन मौसम पर रहेगी नजर
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में ठंड के बीच बारिश और तेज हवाओं का दोहरा असर देखने को मिल सकता है। लोगों को गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
