कोरबा में ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़! होटल हेरिटेज इन की किचन में कॉकरोच और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने से मचा हड़कंप, लाइसेंस सस्पेंड करने की तैयारी

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  त्योहारों के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। शहर के होटल और दुकानों में चल रही जांच के दौरान ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने होटल में मिलने वाले खाने की साफ-सफाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित होटल हेरिटेज इन की रसोई में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने पर विभाग ने गंभीर नाराजगी जताई है। अब होटल का लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई है।

खाद्य विभाग की टीम जब होटल हेरिटेज इन की किचन का निरीक्षण करने पहुंची, तो वहां स्वच्छता के मानकों की अनदेखी सामने आई। रसोई में इस्तेमाल के लिए रखी गई एक्सपायर्ड सामग्री के साथ बड़ी संख्या में कॉकरोच पाए गए। किचन की अव्यवस्थित स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला माना। टीम ने मौके से बिरयानी राइस का नमूना भी लिया है, जिसे परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।

सरसों तेल का नमूना जांच के लिए भेजा

खाद्य विभाग की कार्रवाई सिर्फ होटल तक सीमित नहीं रही। बालको भदरापारा स्थित साहू जनरल स्टोर में भी जांच की गई। यहां सरसों तेल की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद उसका सैंपल लिया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही तेल की गुणवत्ता और संभावित मिलावट को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।

फूडियो रेस्टोरेंट को 7 दिन में व्यवस्था सुधारने की चेतावनी

टीपी नगर स्थित फूडियो रेस्टोरेंट में भी साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। गंदगी के बीच भोजन तैयार करने और स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर खाद्य विभाग ने रेस्टोरेंट को सात दिन के लिए बंद करने का नोटिस जारी किया है।

खाद्य अधिकारी विकास भगत के मुताबिक, विभाग की टीम लगातार होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य सामग्री बेचने वाली दुकानों का निरीक्षण कर रही है। जांच के दौरान जहां भी नियमों का उल्लंघन मिल रहा है, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच भी कराई जा रही है।

पहले भी सामने आ चुके हैं खराब खाद्य सामग्री के मामले

कोरबा में खाद्य सुरक्षा को लेकर लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले रिसदी रजगामार चौक स्थित एक होटल से 75 किलो खराब गुणवत्ता की मिठाई जब्त कर मौके पर नष्ट कराई गई थी। वहीं कटघोरा के मुरली होटल के सांभर में कीड़ा मिलने और दर्री के एक होटल के सांभर वड़ा में फफूंद पाए जाने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

सवाल सिर्फ एक होटल का नहीं, पूरे शहर की खाद्य सुरक्षा का है

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने शहर के खानपान कारोबार की स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खाद्य विभाग को केवल बड़े होटलों तक सीमित न रहकर छोटे रेस्टोरेंट, ढाबों और सड़क किनारे संचालित होने वाले फूड स्टॉल की भी नियमित जांच करनी चाहिए।

लोगों की मांग है कि जांच में गड़बड़ी मिलने पर सिर्फ नोटिस जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि दोषी संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई भी होनी चाहिए। क्योंकि खाने में इस्तेमाल होने वाली खराब सामग्री और गंदगी का सीधा असर आम लोगों की सेहत पर पड़ सकता है। ऐसे में जरूरी है कि खाद्य विभाग का यह अभियान केवल त्योहारी सीजन तक सीमित न रहे, बल्कि पूरे साल नियमित रूप से जारी रहे।

Share This Article