पिकनिक की आड़ में चल रहा था जुए का फड़, 6 लोग गिरफ्तार; एल्डरमैन और प्रिंसिपल भी पकड़ाए

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छह लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला ग्राम पहाड़गांव का है, जहां पिकनिक मनाने पहुंचे कुछ लोग जुए की महफिल सजाए हुए थे। पकड़े गए सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम पहाड़गांव में दबिश दी गई। दोपहर करीब 2:20 बजे हुई इस कार्रवाई में छह लोगों को जुआ खेलते पकड़ा गया। मौके से करीब 11 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां जब्त की गई हैं।

नगर पालिका के एल्डरमैन और शिक्षक भी गिरफ्तार

इस कार्रवाई में पकड़े गए लोगों में बाराद्वार नगर पालिका के एल्डरमैन बताए जा रहे रविंद्र खाण्डे का नाम भी शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खाण्डे जिला युवा मोर्चा में भी पदाधिकारी हैं। वहीं, गिरफ्तार शशिकांत दुबे पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल बताए जा रहे हैं। इन नामों के सामने आने के बाद मामले ने क्षेत्र में और चर्चा बटोर ली है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

पुलिस ने उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत अपराध दर्ज किया है। उरगा थाना में अपराध क्रमांक 641/2026 पंजीबद्ध किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46 वर्ष), शशिकांत दुबे (56 वर्ष), ज्योतिष वैष्णव (51 वर्ष), रविंद्र खाण्डे (26 वर्ष), दीपक कुमार बंसल (26 वर्ष) और आशुतोष राय (33 वर्ष) शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share This Article