कोरबा में बेकाबू बोलेरो का कहर, रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों को मारी टक्कर; CCTV में कैद हुई पूरी घटना

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   जिले के दीपका क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने जमकर तबाही मचाई। गेवरा-दीपका-कटघोरा रोड स्थित सिंह रेस्टोरेंट के सामने बीती रात अनियंत्रित बोलेरो ने पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मारुति कार और थार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।

अचानक बेकाबू हुई बोलेरो, एक के बाद एक गाड़ियों को मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक सिंह रेस्टोरेंट के सामने पार्किंग में कई वाहन खड़े थे। इसी दौरान बजरंग चौक दीपका की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से जा भिड़ी। बोलेरो की टक्कर से वहां खड़ी कारें आपस में टकरा गईं। देखते ही देखते पार्किंग में अफरा-तफरी मच गई।

लाखों का नुकसान, बाल-बाल बची लोगों की जान

रेस्टोरेंट संचालक अक्षय सिंह के अनुसार, हादसे के वक्त पार्किंग में मारुति कार, थार सहित अन्य वाहन खड़े थे। दुर्घटना में कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। संचालक ने नुकसान लाखों रुपये में होने की बात कही है। राहत की बात यह रही कि जिस समय बोलेरो ने गाड़ियों को टक्कर मारी, उस वक्त पार्किंग के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।

SECL में नियोजित बताई जा रही बोलेरो

बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल बोलेरो SECL में नियोजित है। वाहन में चालक के अलावा दो अन्य लोग भी सवार थे। चालक विजयनगर का निवासी बताया गया है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने जब्त की बोलेरो, CCTV फुटेज से होगी जांच

घटना की सूचना मिलते ही दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को जब्त कर लिया। पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है। CCTV फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article