जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक युवक को भारी पड़ गया। Snapchat पर हुई पहचान के बाद मिलने पहुंचे युवक को बदमाशों ने अपना निशाना बना लिया। पहले उसे मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर सुनसान जगह पर चाकू की नोक पर मारपीट कर 60 हजार रुपए नकद और सोने की अंगूठी लूट ली गई। इस वारदात में एक युवती की भूमिका भी सामने आई है। जांजगीर कोतवाली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोस्ती के बाद मिलने के लिए बनाया प्लान
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले के रहने वाले मनीष वर्मा की Snapchat के जरिए एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और युवती लगातार उसे मिलने के लिए चांपा बुला रही थी।
4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य गेट पर छोड़ दिया और खुद उससे मिलने आगे चला गया। उसे अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात लूट की साजिश का हिस्सा बन जाएगी।
आधी रात कार के पास पहुंचे बदमाश, चाकू दिखाकर की लूट
रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक मनीष की कार के नजदीक पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसे कार से बाहर निकाला। इसके बाद हाथ-मुक्कों और बेल्ट से उसकी पिटाई की गई। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 60 हजार रुपए और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
युवती की मिलीभगत भी आई सामने
घटना के बाद पीड़ित ने जांजगीर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो वारदात में युवती की संलिप्तता भी उजागर हुई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19 वर्ष), अमित राठौर (21 वर्ष), रवि झलरिया (24 वर्ष), किशन कर्ष (21 वर्ष), कुनाल पाण्डेय (20 वर्ष) और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।
30 हजार नकद और दो बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। मामले में आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स को किया अलर्ट
इस घटना के बाद जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती करते समय सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अजनबी से मिलने न जाएं और सुनसान जगहों पर मुलाकात करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
