स्कूलों के आसपास तंबाकू बेचने वालों पर कोरबा पुलिस की कार्रवाई, 15 दुकानदारों के कटे चालान

By Atul Yadav - Editor
1 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री रोकने के लिए कोरबा पुलिस ने अभियान चलाया है। इस दौरान जिले के चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 दुकानदारों के खिलाफ चालान काटे गए। सभी के विरुद्ध कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश पर सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर नजर रखी जा रही है। खासतौर पर स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित दुकानों की जांच की जा रही है, ताकि वहां तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

चार थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

पुलिस की इस कार्रवाई में दर्री थाना क्षेत्र में 4 दुकानदारों के खिलाफ चालान किया गया। इसी तरह कुसमुंडा में 4, बांकीमोंगरा में 4 और सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में 3 प्रकरण दर्ज किए गए। इस तरह कुल 15 दुकानदारों पर कार्रवाई हुई है।

कोरबा पुलिस के मुताबिक स्कूल और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री को रोकने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article