कोरबा के जेबी होटल में चल रहा था जुए का फड़, पुलिस की दबिश में 5 गिरफ्तार; 18,800 रुपए जब्त

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  शहर के बीच स्थित जेबी होटल में जुआ खेलने का मामला सामने आया है। होटल के एक कमरे में शराब और चखने के इंतजाम के बीच जुए की महफिल सजी हुई थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने दबिश दी और मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जुए में लगाई गई 18 हजार 800 रुपए की रकम भी जब्त की है।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक पुलिस को जेबी होटल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने होटल में छापेमारी की। इस दौरान कमरे में जुआ खेलते पांच लोग मिले, जिन्हें मौके से पकड़ लिया गया।


ये पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार (40), निवासी तुलसी नगर रोड, तरुण मिश्रा (42), निवासी सीएसईबी, दीपेश जैन (38), निवासी अवध नगर निहारिका और सुनील कुमार (39), निवासी तुलसी नगर शामिल हैं। पांचवें आरोपी धनराज कुमार का पता सदर बाजार अमलीडीह, रायपुर बताया गया है। उसकी उम्र की जानकारी सामने नहीं आई है।

होटल संचालक की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस का कहना है कि होटल संचालक कमरे किराए पर देकर वहां जुआ खेलने की सुविधा उपलब्ध कराता था। कमरे में शराब और खाने-पीने के सामान का इंतजाम भी किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जुआ एक्ट के तहत आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

एक दिन पहले पिकनिक की आड़ में पकड़े गए थे 6 जुआरी

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले उरगा पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेल रहे छह लोगों को पकड़ा था। पकड़े गए लोगों में बाराद्वार के एक एल्डरमैन और एक प्रिंसिपल का नाम भी शामिल था।

लगातार सामने आ रहे जुए के मामलों ने शहर में संचालित होटलों और अन्य सार्वजनिक ठिकानों पर निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब होटल परिसरों में इस तरह की गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी बढ़ाने की मांग उठ रही है।

Share This Article