घर में चल रही थी देवउठनी एकादशी की तैयारी, इधर आंगन में पहुंचा 8 फीट लंबा अजगर, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  घर में देवउठनी एकादशी की पूजा की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच आंगन में अचानक करीब 8 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से परिवार में हड़कंप मच गया। विशालकाय अजगर को देखकर लोग सहम गए और तत्काल इसकी सूचना वन्यजीव रेस्क्यू टीम नोवा नेचर के प्रमुख एवं वन विभाग के सदस्य जितेंद्र सारथी को दी गई।

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी खराब मौसम की परवाह किए बिना मौके पर पहुंचे। उस समय इलाके में तेज बारिश हो रही थी। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में उन्होंने रेनकोट और गमबूट पहनकर रेस्क्यू की कमान संभाली।


बारिश और फिसलन के बीच चला रेस्क्यू अभियान

मौके पर पहुंचने पर अजगर काफी बड़ा दिखाई दिया। रेस्क्यू के दौरान वह खुद को बचाने के प्रयास में लगातार आक्रामक रुख दिखा रहा था। इसके बावजूद जितेंद्र सारथी ने धैर्य और अनुभव का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़कर थैले में रखा गया।


इस दौरान घर के सदस्य छाता लेकर खड़े रहे और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। परिवार को आशंका थी कि यदि समय रहते अजगर को नहीं हटाया गया तो वह घर के भीतर भी जा सकता है। वहीं, रेस्क्यू की खबर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाने की अपील

सफल रेस्क्यू के बाद जितेंद्र सारथी ने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव सूखे एवं सुरक्षित आश्रय की तलाश में घरों और आसपास के इलाकों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में घबराकर उन्हें मारने या खुद पकड़ने की कोशिश बिल्कुल न करें।

उन्होंने कहा कि घरों के आंगन, जूते-चप्पलों, वाहनों और अन्य सुरक्षित स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

लगातार बारिश और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच किया गया यह रेस्क्यू एक बार फिर बताता है कि मानव और वन्यजीवों के बीच सुरक्षित सह-अस्तित्व के लिए जागरूकता के साथ प्रशिक्षित लोगों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

Share This Article