बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में युवक की आत्महत्या के मामले में करीब 10 महीने बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, दोनों के बीच शादी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि युवती युवक पर विवाह के लिए दबाव बनाती थी और इनकार करने पर उसे फंसाने की धमकी देती थी। इसी तनाव के चलते युवक ने होटल के कमरे में खुद को आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
होटल में ठहरे थे दोनों, शादी की बात पर फिर हुआ विवाद
मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर निवासी 22 वर्षीय विकास गुप्ता रायपुर की एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे। वहीं सूरजपुर जिले के भटगांव निवासी 21 वर्षीय आकांक्षा सिदार बिलासपुर के कोनी इलाके में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए हुई थी और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध थे।
पुलिस की जांच में सामने आया कि रिश्ते को शादी में बदलने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि आकांक्षा विकास पर शादी करने का दबाव बना रही थी। शादी से इनकार करने पर उसे कानूनी मामले में फंसाने की धमकी भी दी जाती थी।
विवाद के बाद युवक ने उठाया आत्मघाती कदम
पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को विकास और आकांक्षा कोनी स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान शादी को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद विकास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना के समय आकांक्षा भी कमरे में मौजूद थी।
घटना के बाद विकास को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर किया गया, जहां 1 फरवरी को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
10 महीने की जांच के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
युवक की मौत के बाद कोनी पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों के संबंधों, आपसी विवाद और घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल की। पुलिस का दावा है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर युवती की भूमिका सामने आई।
इसके बाद 21 नवंबर को आकांक्षा सिदार को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
