कॉलेज जाने के लिए घर से निकला था 21 वर्षीय अर्जुन, मछुआरों की सूचना पर डेम से निकाला गया शव; मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र स्थित प्रगतिनगर डेम में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मछुआरों ने पानी में एक युवक का शव तैरते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अर्जुन सिंह के रूप में हुई है, जो बीते 18 नवंबर से लापता था। वह बांगो थाने में पदस्थ आरक्षक धनंजय सिंह का बेटा था।
जानकारी के मुताबिक अर्जुन अपने पिता के साथ दर्री सीएसईबी कॉलोनी के कैलाश विहार में रहता था। 18 नवंबर को वह बाइक से कमला नेहरू महाविद्यालय जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसके पास मोबाइल फोन भी था, लेकिन कॉलेज जाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटा। देर तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। सोशल मीडिया पर गुमशुदगी से संबंधित पोस्ट साझा करने के साथ दर्री थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
इधर शनिवार सुबह डेम में मछली पकड़ने जा रहे मछुआरों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। दर्री पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। मौके पर पहुंचे आरक्षक धनंजय सिंह ने शव की पहचान अपने बेटे अर्जुन के रूप में की।
बाइक और मोबाइल का अब तक नहीं मिला सुराग
पुलिस के सामने अब कई सवाल हैं। अर्जुन जिस बाइक से घर से निकला था, वह कहां है? उसका मोबाइल फोन कहां गया? वह कॉलेज से डेम तक कैसे पहुंचा? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। पुलिस इन पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस के अनुसार शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मामले में मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि डेम से युवक का शव बरामद हुआ है। बाइक और मोबाइल की तलाश की जा रही है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
फिलहाल दर्री पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके लापता होने से लेकर डेम में शव मिलने तक क्या घटनाक्रम रहा, इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
