कोरबा में बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या, मुंह में कपड़ा ठूंसकर घोंटा गला; वारदात से इलाके में सनसनी

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के ग्राम लाद में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला अपने घर में अकेली सो रही थी, तभी अज्ञात आरोपी ने घर में दाखिल होकर उसकी जान ले ली। शुक्रवार सुबह जब बहू घर पहुंची तो महिला चारपाई पर मृत अवस्था में मिली। उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में नायलान की रस्सी बंधी थी।

घटना कोरबी चौकी क्षेत्र की है। मृतका की पहचान पद्मनिया बाई (70 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सड़क किनारे स्थित अपने मकान में अकेली रहती थी, जबकि उसका बेटा और बहू पास के दूसरे मकान में रहते हैं।

सुबह घर पहुंची बहू तो सामने आया खौफनाक मंजर

जानकारी के मुताबिक गुरुवार रात पद्मनिया बाई अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और उसकी हत्या कर फरार हो गया। शुक्रवार सुबह रोज की तरह बहू सास के घर पहुंची। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर गई तो चारपाई पर सास का शव पड़ा मिला। महिला के मुंह में कपड़ा और गले में रस्सी देखकर बहू की चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।

घटनास्थल पर मिले कई अहम सुराग

सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में सामने आया कि महिला की हत्या घर में मौजूद नायलान की रस्सी से गला घोंटकर की गई। घटनास्थल पर शौच किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं, जिससे पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे जादू-टोना से जुड़ा शक वजह हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई ठोस पुष्टि नहीं हुई है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा डॉग स्क्वाड

आरोपी की तलाश में पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से गंध लेते हुए बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के चलते आगे के सुराग नहीं मिल सके।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।

Share This Article