कोरबा में 2 हजार रुपए के लालच में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या, पुलिस ने चरवाहे, उसकी पत्नी और दोस्त को किया गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में महज 2 हजार रुपए की लालच में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम लाद में हुई इस वारदात को अंजाम देने के आरोप में पुलिस ने महिला के घर में गाय-बैल चराने का काम करने वाले व्यक्ति उसकी पत्नी और दोस्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक तीनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई थी लेकिन पकड़े जाने के डर से बुजुर्ग महिला की जान ले ली।

मृतका की पहचान भगमतिया बाई (70 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सड़क किनारे बने अपने मकान में अकेली रहती थीं, जबकि उनका बेटा और बहू पास ही दूसरे मकान में रहते हैं।

सुबह घर पहुंची बहू तो सामने आया खौफनाक मंजर

घटना 19 नवंबर की रात की बताई जा रही है। 20 नवंबर की सुबह जब मृतका की बहू रोजाना की तरह उनके घर पहुंची तो दरवाजा खुला मिला। अंदर जाने पर भगमतिया बाई चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ी थीं। उनके मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और गले में रस्सी बंधी थी। यह दृश्य देखकर बहू ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। मृतका के बेटे बबलू मरकाम की शिकायत पर कोरबी चौकी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घर में काम करने वाले पर पुलिस को हुआ शक

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली। खोजी कुत्ता घटनास्थल से बाघा गांव के तालाब तक पहुंचा, लेकिन बारिश के चलते आगे की जांच में मददगार सुराग नहीं मिल सके।

इसी बीच पुलिस को मृतका के यहां पशु चराने का काम करने वाले इंद्रपाल अगरिया (43 वर्ष) की गतिविधियों पर संदेह हुआ। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कथित तौर पर पूरी वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, इंद्रपाल ने अपनी पत्नी राजकुमारी अगरिया (33 वर्ष) और दोस्त देव कुमार मरकाम (26 वर्ष) के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया।

पहले साथ बैठकर पी शराब, फिर बनाई चोरी की योजना

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि इंद्रपाल की मुलाकात कोरबा से लौटते समय बस में अपने पुराने परिचित देव कुमार से हुई थी। वह उसे अपने घर ले गया, जहां तीनों ने साथ बैठकर शराब पी। बाद में तीनों भगमतिया बाई के घर पशु चराने के काम के बकाया पैसे लेने पहुंचे। महिला ने उन्हें 500 रुपए दिए।

इसी दौरान उनकी नजर घर में रखे पैसों पर पड़ी। पुलिस के मुताबिक, रुपए देखकर तीनों ने चोरी की योजना बना ली और रात होने का इंतजार करने लगे।

वारदात के बाद 2 हजार रुपए लेकर हुए फरार

योजना के तहत तीनों रात में दोबारा बुजुर्ग महिला के घर पहुंचे। देव कुमार को बाहर निगरानी के लिए खड़ा किया गया, जबकि इंद्रपाल और राजकुमारी घर के भीतर गए। पुलिस के अनुसार, दोनों ने महिला को काबू कर नायलॉन की रस्सी से गला घोंट दिया। इसके बाद घर में रखे बैग से 2 हजार रुपए निकालकर तीनों वहां से फरार हो गए और रकम आपस में बांट ली।

तीनों आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में इंद्रपाल अगरिया, उसकी पत्नी राजकुमारी और दोस्त देव कुमार मरकाम को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को 22 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Share This Article