एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: पहले डेढ़ माह की बेटी की अस्पताल में मौत, सदमे में 10 साल की बड़ी बहन ने दी जान  

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक परिवार ने चंद घंटों के भीतर अपनी दो बेटियों को खो दिया। पहले बीमारी से डेढ़ माह की मासूम रानी की मौत हुई और फिर घर लौटे माता-पिता को अपनी 10 वर्षीय बड़ी बेटी रूपकुंवर भी मृत अवस्था में मिली। कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम आमाटिकरा में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार आमाटिकरा निवासी सुखीराम रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी तीन बेटियां थीं। सबसे बड़ी रूपकुंवर की उम्र 10 वर्ष, मंझली बेटी रागिनी की उम्र करीब साढ़े तीन साल और सबसे छोटी रानी महज डेढ़ माह की थी।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से रानी की तबीयत खराब थी। उसे सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायत थी। परिजन पहले स्थानीय स्तर पर उसका उपचार करा रहे थे, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर उसे पोंड़ी उपरोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर गुरुवार रात मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया।

माता-पिता को उम्मीद थी कि बेहतर इलाज से उनकी मासूम बेटी स्वस्थ हो जाएगी, लेकिन शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान रानी की मौत हो गई। इस खबर ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

मासूम रानी का शव लेकर माता-पिता मुक्तांजलि वाहन से गांव पहुंचे। लेकिन घर पहुंचने पर उनके सामने एक और दुखद घटना आ गई। उनकी बड़ी बेटी रूपकुंवर घर के कमरे में मृत अवस्था में मिली। उस समय मंझली बेटी रागिनी भी घर में मौजूद थी।

परिजनों ने तत्काल वाहन चालक सुरेश कुमार की मदद से रूपकुंवर को अस्पताल पहुंचाया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोंड़ी उपरोड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

कुछ ही घंटों के अंतराल में दो बेटियों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।

छोटी बहन से था गहरा लगाव, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, रूपकुंवर अपनी छोटी बहन रानी से बेहद लगाव रखती थी। रानी की तबीयत खराब होने के बाद से वह उसके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रहती थी। बताया गया है कि पिता ने फोन पर घर में छोटी बेटी की मौत की जानकारी दी थी और यह खबर रूपकुंवर तक भी पहुंच गई थी।

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि छोटी बहन की मौत की खबर मिलने के बाद घर में मौजूद बच्ची किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। हालांकि, किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच कार्रवाई की जा रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल बांगो पुलिस दोनों घटनाओं से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। एक ही परिवार की दो बेटियों की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।

Share This Article