भजन गाने निकले थे तीन दोस्त, रास्ते में मौत बनकर आई बस… तीन गायकों की एक साथ मौत
सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की जान चली गई। एक तेज रफ्तार यात्री बस और बाइक के बीच आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार तीनों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव के रहने वाले थे और धार्मिक आयोजन में भजन गाने के लिए घर से निकले थे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम दर्री निवासी शेतकुमार पटेल (62 वर्ष), हरिशंकर चौहान (40 वर्ष) और मोहरदास बैरागी (55 वर्ष) रविवार सुबह एक ही बाइक पर सवार होकर सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। कार्यक्रम में तीनों को भजन गायन की प्रस्तुति देनी थी।
इसी दौरान डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक की रायपुर से डभरा जा रही मुस्कान यात्री बस से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही डभरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बस चालक हादसे के बाद घटनास्थल से फरार हो गया। उसकी भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
भजन गाने निकले थे, घर नहीं लौट सके
इस हादसे ने ग्राम दर्री को गहरे शोक में डुबो दिया है। एक ही गांव के तीन लोगों की एक साथ मौत होने से परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जिस रामनाम सप्ताह में भजन प्रस्तुति देने के लिए तीनों निकले थे, वहां पहुंचने से पहले ही उनकी यात्रा हमेशा के लिए थम गई।
डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। बस चालक फरार है और मामले की विवेचना जारी है।
