कोरबा में स्कूली बच्चों की सुरक्षा से बड़ा खिलवाड़, पिकअप के खुले डाले में बैठाकर ले जाए जा रहे थे बच्चे, वीडियो वायरल….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय उन्हें मालवाहक वाहन में बैठाकर ले जाने का मामला उजागर हुआ है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिसदी चौक के पास का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शासकीय स्कूल के कई बच्चे मालवाहक पिकअप वाहन के खुले डाले में बैठे नजर आ रहे हैं। वाहन में बच्चों को जिस तरह से बैठाया गया था, उसे देखकर उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

https://www.instagram.com/reel/DgF4vlXzpbk/?bqrl=MTE1eTgyYzNpaDFwZg==

खुले डाले में ठूंसकर बैठाए गए थे बच्चे

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि माल परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले पिकअप वाहन के पिछले खुले हिस्से में स्कूली बच्चों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। बच्चों के लिए न तो कोई सुरक्षित सीटिंग व्यवस्था दिखाई दे रही है और न ही सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नजर आ रहे हैं। चलते वाहन में इस तरह बच्चों को ले जाना किसी बड़ी दुर्घटना को न्योता देने जैसा है।

बताया जा रहा है कि रिसदी चौक के पास से गुजर रहे एक जागरूक नागरिक की नजर जब इस वाहन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया। देखते ही देखते यह मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर उठे सवाल

इस घटना ने स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और बच्चों के आवागमन की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर किसकी अनुमति से बच्चों को मालवाहक वाहन में बैठाकर ले जाया जा रहा था? क्या स्कूल प्रबंधन को इस व्यवस्था की जानकारी थी? यदि जानकारी थी तो बच्चों की सुरक्षा के लिए उचित वाहन की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? और यदि जानकारी नहीं थी तो बच्चों के परिवहन की निगरानी कौन कर रहा था?

मालवाहक वाहन के खुले डाले में बच्चों को बैठाकर ले जाने की घटना बेहद चिंताजनक है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग और जिला प्रशासन क्या कदम उठाते हैं और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है।



  

Share This Article