कोरबा में विस्थापितों का दंडवत प्रदर्शन: 3 दिन में खाली कराया गांव, 6 जगह बसाए परिवार; न सड़क, न पानी, न शौचालय…. खदान बंद करने की चेतावनी

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  गांव से बेदखली के बाद बेहतर जिंदगी की उम्मीद लगाए बैठे चंद्रनगर-जटराज के विस्थापित परिवार अब मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पुनर्वास के नाम पर छह अलग-अलग स्थानों पर बसाए गए इन परिवारों का आरोप है कि लंबे समय बाद भी उनके रहने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए हैं। अपनी इसी पीड़ा और नाराजगी को जाहिर करने के लिए सोमवार को ग्रामीणों ने दंडवत न्याय यात्रा निकाली और सड़क पर लेटकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे।

घंटाघर स्थित अंबेडकर चौक से सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई इस यात्रा में ग्रामीण हाथों में आवेदन लेकर दंडवत करते हुए आगे बढ़े। उनका कहना है कि जब बार-बार आवेदन देने के बावजूद उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तब उन्हें विरोध का यह तरीका अपनाना पड़ा।

विस्थापन हुआ, लेकिन पुनर्वास की तस्वीर अधूरी

ग्रामीणों ने एसईसीएल कुसमुंडा प्रबंधन पर आरोप लगाया कि गांव खाली कराने के लिए महज तीन दिन का समय दिया गया। इसके बाद प्रभावित परिवारों को छह अलग-अलग जगहों पर भेज दिया गया। लेकिन इन स्थानों पर व्यवस्थित बसाहट विकसित नहीं की गई। आज भी परिवार सड़क, नाली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं।

उनका कहना है कि पुनर्वास स्थल पर केवल मकान बना देना पर्याप्त नहीं है। वहां जीवन की दूसरी जरूरी व्यवस्थाएं भी होनी चाहिए। ग्रामीणों ने चारागाह, मुक्तिधाम, मंदिर, देवस्थल, सांस्कृतिक मंच, गार्डन, तालाब, खेल मैदान और मवेशियों के लिए शेड उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

कुदरत की मार ने बढ़ाई विस्थापितों की परेशानी

ग्रामीणों के मुताबिक, अस्थायी तौर पर तैयार किए गए झोपड़ीनुमा मकान चक्रवाती तूफान और बारिश में क्षतिग्रस्त हो गए। पक्के मकानों के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढों में पानी और मलबा जमा हो गया है। आरोप है कि खदान क्षेत्र की पहाड़ी की ओर हाईवॉल नहीं होने से बारिश का पानी और मलबा निर्माणाधीन मकानों तक पहुंच रहा है।

इससे परिवारों को आर्थिक नुकसान के साथ रहने की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब मौसम में भी उन्हें अस्थायी आश्रयों में गुजारा करना पड़ रहा है। शौचालय की व्यवस्था नहीं होने से खुले में शौच जाने की मजबूरी बनी हुई है।

आश्वासन के बाद भी नहीं मिली राहत

प्रभावित परिवारों का आरोप है कि मकान किराया देने सहित कई मांगों पर बैठकों में आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिला। अपनी परेशानियों को लेकर वे कई बार कलेक्टर, एसडीएम और एसईसीएल अधिकारियों को आवेदन दे चुके हैं। इसके बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं आने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती गई।

दंडवत यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुनर्वास स्थलों पर तत्काल बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएं और प्रभावित परिवारों की समस्याओं का निराकरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर खदान बंद कर आंदोलन किया जाएगा।

ग्रामीणों के आरोपों पर एसईसीएल के पीआरओ डॉ. सनीश चंद्र ने कहा कि विस्थापित परिवार कंपनी के महत्वपूर्ण हितधारक हैं और उनका सम्मानजनक पुनर्वास प्रबंधन की प्राथमिकता है। पुनर्वास गांवों को आदर्श रूप में विकसित करने का काम किया जा रहा है। सड़क, पेयजल और स्वच्छता जैसी आवश्यक सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे प्रबंधन के सामने रखें। संवाद और आपसी समन्वय से समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article