कोरबा: हाथियों को भगाने गए ग्रामीणों पर पलटा दांव, हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटका, पैरों से कुचला; ग्रामीणों ने भागकर बचाई जान, देखें वीडियो….

By Atul Yadav - Editor
3 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव में हाथियों के झुंड को खदेड़ने की कोशिश ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई। ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को जंगल की ओर भगाने पहुंचे ग्रामीणों का सामना अचानक एक आक्रामक हाथी से हो गया। हाथी को अपनी ओर दौड़ता देख ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर जान बचाई, लेकिन ट्रैक्टर उसके गुस्से का शिकार हो गया। हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर पटक दिया और फिर पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

ट्रैक्टर की आवाज सुनकर झाड़ियों से निकला हाथी

जानकारी के अनुसार धरमजयगढ़ क्षेत्र की सीमा पार कर 11 हाथियों का दल जिल्गा के जंगल में पहुंचा हुआ है। हाथियों के गांव की ओर आने और खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे।

ग्रामीण ट्रैक्टर की आवाज के जरिए हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से एक हाथी बाहर निकला और ट्रैक्टर की तरफ तेजी से बढ़ने लगा। खतरा भांपते ही ट्रैक्टर में बैठे ग्रामीण वाहन छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

देखें वीडियो:-

 https://www.instagram.com/reel/DgHaWBrqZcq/?knvt=ZWs0eHZ6aWN6ajli

हाथी ने ट्रैक्टर को बनाया निशाना, वीडियो वायरल

ग्रामीणों के भागने के बाद हाथी ने ट्रैक्टर को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद वह वाहन को पैरों से कुचलने लगा। हाथी के हमले में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद ग्रामीण गांव पहुंचे और वाहन मालिक को इसकी सूचना दी। बाद में दूसरे ट्रैक्टर की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को गांव तक लाया गया। इस पूरी घटना का कुछ ग्रामीणों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जिले के अलग-अलग जंगलों में हाथियों की मौजूदगी

वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने सोमवार देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। विभाग के मुताबिक, जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में भी एक हाथी घूम रहा है। वहीं करतला वन परिक्षेत्र में 6 हाथियों का दल मौजूद है। वन अमला लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।

वन विभाग की ग्रामीणों से अपील

घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की समझाइश दी है। गांवों में मुनादी कर लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को खुद भगाने की कोशिश नहीं करने की अपील की गई है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाथियों के नजदीक जाना या उन्हें शोर और वाहनों के जरिए खदेड़ना जानलेवा साबित हो सकता है।

Share This Article