हाथियों से फसल बचाने खेत में लगे करंट से ग्रामीण की मौत, दूसरी ओर शिकारी जाल में फंसा भालू

4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कटघोरा वनमंडल में इंसानों और वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली दो घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को कुछ ही घंटों के अंतराल में अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में दो जानें चली गईं। पसान क्षेत्र में खेत की सुरक्षा के लिए लगाए गए करंट प्रवाहित तार ने एक ग्रामीण की जान ले ली, जबकि केंदई के जंगल में जंगली सुअर के शिकार के लिए बिछाया गया स्टील का फंदा एक भालू के लिए जानलेवा साबित हुआ।

फसल देखने खेत पहुंचा था कृष्णा, नहीं लौटा घर

पहली घटना पसान वन परिक्षेत्र के लोकरहा गांव की है। यहां रहने वाले 38 वर्षीय कृष्णा कुमार एक्का सोमवार सुबह करीब 7 बजे अपनी फसल देखने खेत गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत में पहुंचने पर उनका शव मेड़ पर लगे करंट प्रवाहित तार से चिपका मिला।

बताया जा रहा है कि इलाके में करीब 45 हाथियों का झुंड मौजूद है। हाथियों से धान की फसल बचाने के लिए किसान रामायण सिंह ने अपने खेत की मेड़ पर बिजली का तार लगा रखा था। इसी तार की चपेट में आने से कृष्णा की मौत हो गई।

घटना की सूचना पर पसान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने बिजली विभाग से खेत में लगाए गए बिजली कनेक्शन की वैधता और व्यवस्था की जानकारी मांगी है।

जंगली सुअर के लिए बिछाया जाल, भालू ने गंवाई जान

दूसरी घटना केंदई वन परिक्षेत्र के जंगल की है। यहां ग्रामीणों को एक भालू मृत अवस्था में मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि भालू जंगली सुअर का शिकार करने के लिए बिछाए गए स्टील के जाल में फंस गया था, जिससे उसकी मौत हो गई।

वन विभाग ने मौके से जाल जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि जंगल में शिकार के लिए जाल किसने लगाया था।

हाथियों की मौजूदगी के बीच बढ़ रहा खतरा

कोरबा और कटघोरा वनमंडल में हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण इलाकों में फसलों की सुरक्षा बड़ी चुनौती बनी हुई है। प्रशासन की ओर से किसानों को कई बार करंट प्रवाहित तार नहीं लगाने की चेतावनी दी जा चुकी है। इसके बावजूद खेतों में ऐसे इंतजाम किए जा रहे हैं, जो इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों के लिए भी घातक साबित हो रहे हैं। वहीं जंगलों में अवैध शिकार के लिए लगाए जाने वाले फंदे बेजुबान वन्यजीवों की जान ले रहे हैं।

पुलिस और वन विभाग की जांच जारी

एक ही दिन में हुई इन दोनों घटनाओं ने वनांचल में सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण की चुनौतियों को फिर उजागर कर दिया है। एएसपी लखन पटले के मुताबिक, ग्रामीण की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। वहीं वन विभाग भालू की मौत के मामले में जाल लगाने वाले व्यक्ति की तलाश कर रहा है।

Share This Article