RTO चालान के नाम पर नया साइबर जाल, एक क्लिक से खाली हो सकता है बैंक खाता; पुलिस ने किया अलर्ट
बलौदाबाजार/सीजी एनएन 24 न्यूज: ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों ने लोगों को अपने जाल में फंसाने का नया तरीका खोज निकाला है। अब वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और ओवर स्पीडिंग चालान का डर दिखाकर उनके मोबाइल में सेंध लगाने की कोशिश की जा रही है। फर्जी RTO नोटिस के नाम पर भेजे जा रहे SMS और लिंक के जरिए मोबाइल में खतरनाक APK फाइल डाउनलोड कराई जा रही है। इसे लेकर बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।
चालान का मैसेज भेजकर बनाया जा रहा शिकार
पुलिस के मुताबिक साइबर ठग अनजान मोबाइल नंबरों से लोगों को ‘RTO Notice’ और ‘Over Speeding Challan’ जैसे मैसेज भेज रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जाता है कि वाहन का चालान कट गया है और उसकी जानकारी देखने या भुगतान करने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करना होगा। लिंक भी इस तरह तैयार की जाती है कि वह परिवहन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखाई देती है।
APK इंस्टॉल होते ही खतरे में पड़ सकती है निजी जानकारी
इस साइबर ठगी का सबसे खतरनाक पहलू APK फाइल है। संदिग्ध लिंक खोलने पर मोबाइल में यह फाइल डाउनलोड हो सकती है। इसे इंस्टॉल करने के बाद साइबर अपराधियों को मोबाइल के SMS, OTP और बैंकिंग या UPI से संबंधित संवेदनशील जानकारियों तक पहुंच मिल सकती है। इस जानकारी का दुरुपयोग कर बैंक खाते से रकम निकाली जा सकती है।
SP गौरव राय के निर्देशन में पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी सरकारी विभाग के नाम से आए संदेश पर आंख बंद कर भरोसा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करना और बिना जांच के APK फाइल इंस्टॉल करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है।
असली चालान की जांच के लिए अपनाएं यह तरीका
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि चालान की जानकारी प्राप्त करने के लिए केवल भारत सरकार के आधिकारिक परिवहन पोर्टल का उपयोग करें। किसी अनजान लिंक से चालान डाउनलोड या भुगतान न करें। मोबाइल में अपने आप डाउनलोड होने वाली अज्ञात APK फाइल को इंस्टॉल न करें। साथ ही फोन की सेटिंग में ‘Install unknown apps’ की अनुमति को नियंत्रित रखें।
ठगी होने पर 1930 पर करें तत्काल कॉल
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी हो जाती है, तो समय गंवाए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा “www.cybercrime.gov.in” (https://www.cybercrime.gov.in) पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर नजदीकी पुलिस थाना, चौकी या साइबर सेल से संपर्क करें।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी चालान, बैंक अपडेट, पार्सल या अन्य सेवाओं के नाम पर आने वाले संदिग्ध संदेशों से सावधान रहें। थोड़ी सी सतर्कता साइबर ठगों की बड़ी साजिश को नाकाम कर सकती है।
