3 दिन से लापता महेश का तालाब में मिला शव, जुए की फड़ पर पुलिस की दबिश के बाद कूदने का आरोप; सड़क पर उतरे ग्रामीण

By Atul Yadav - Editor
5 Min Read

सक्ती/सीजी एनएन 24 न्यूज:  छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन दिनों से लापता 38 वर्षीय महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से बरामद हुआ। बिलासपुर से पहुंची SDRF की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद सुबह करीब 5 बजे शव को बाहर निकाला। महेश की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

यह मामला हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोमाडीह का है। ग्रामीणों के मुताबिक, 22 नवंबर की रात गांव में जुए की फड़ पर पुलिस ने दबिश दी थी। आरोप है कि इस दौरान कुछ युवकों के साथ मारपीट की गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मची अफरा-तफरी में महेश के गंगासागर तालाब में छलांग लगाने की बात सामने आई।

बताया जा रहा है कि उसके साथ कुछ अन्य लोग भी तालाब में उतरे थे, जो बाहर निकल आए, लेकिन महेश का कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, पुलिस की दबिश और मारपीट से जुड़े इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पड़ोस में रखवाली करने निकला था महेश, फिर नहीं लौटा घर

जानकारी के अनुसार महेश गांव में दुकान चलाता था। 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह घर से यह कहकर निकला था कि पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद उनके घर रखवाली करने जा रहा है। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।

अगली सुबह तक महेश के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने उसके अपहरण कर बंधक बनाए जाने की आशंका भी जताई थी। इसी बीच गंगासागर तालाब के किनारे महेश का जैकेट मिलने से उसके तालाब में डूबने की आशंका गहराने लगी।

स्थानीय गोताखोरों के बाद SDRF ने संभाला मोर्चा

महेश की तलाश के लिए 23 नवंबर को स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई लेकिन तालाब में पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद 24 नवंबर को बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई। टीम ने तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया। लगातार प्रयास के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे महेश का शव बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा।

कांग्रेस ने टीआई पर लगाए गंभीर आरोप, रखीं तीन मांगें

महेश की मौत के बाद कांग्रेस नेता कुशल कश्यप ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि घटना वाली रात करीब 2 बजे हसौद थाना प्रभारी जयराम साहू अन्य लोगों के साथ डोमाडीह पहुंचे थे। उस समय कुछ ग्रामीण ताश खेल रहे थे। कांग्रेस नेता ने पुलिस पर युवकों के साथ मारपीट करने और इसी डर से महेश के तालाब में छलांग लगाने का आरोप लगाया है।

इस मामले में कांग्रेस ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें थाना प्रभारी सहित कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत मामला दर्ज करने, संबंधित थाना प्रभारी और अन्य लोगों को तत्काल निलंबित करने तथा मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग शामिल है।

चक्काजाम कर ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

महेश का शव मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

ASP बोले- हर पहलू की होगी निष्पक्ष जांच

एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि महेश केंवट के परिजनों की सूचना पर गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर अपराध क्रमांक 208/2026 कायम किया गया था। परिजनों ने घटना को लेकर कुछ आशंकाएं जताई हैं। ग्रामीणों और अन्य लोगों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। फिलहाल महेश की मौत के वास्तविक कारणों और घटना के दौरान सामने आए आरोपों की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Share This Article