कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का दर्दनाक सिलसिला सामने आया है। अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। एक हादसे में बाइक सवार दंपति हादसे का शिकार हुआ, वहीं दूसरे मामले में स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई।
पूजा में शामिल होने जा रहा था दंपति, रास्ते में उजड़ गया परिवार
पहली घटना छुरी के सलोरा बकरा बाजार के पास की है। जानकारी के अनुसार, बिंझरी निवासी दंपति बाइक से गौरा पूजा में शामिल होने अपने ससुराल सिरकी जा रहा था। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क पर अचानक रुका हुआ था और तेज रफ्तार बाइक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, दूसरे युवक ने भी गंवाई जान
दूसरी घटना लालघाट के पास हुई, जहां स्कॉर्पियो और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने जब्त किए वाहन, दोनों मामलों की जांच जारी
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसों में शामिल ट्रक, बाइक और स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के मुताबिक दोनों हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया था। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसों के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।
