दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई: मासूम से अपराध और महिला को सोशल मीडिया पर परेशान करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहले मामले में 9 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना के आरोप में आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरे मामले में सोशल मीडिया के जरिए महिला और उसके परिजनों को अश्लील मैसेज व फोटो भेजकर परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को पुलिस ने बलौदाबाजार से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पहला मामला: 9 वर्षीय बालिका से लैंगिक अपराध, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

थाना सिविल लाइन रामपुर में एक महिला ने अपनी 09 वर्षीय बेटी के साथ लैंगिक अपराध एवं प्रताड़ना की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 991/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने पीड़िता और उसकी माता के बयान दर्ज किए। साथ ही घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और बालिका का मेडिकल परीक्षण शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा में कराया गया। मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए सीन ऑफ क्राइम मोबाइल यूनिट की भी मदद ली गई।

जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी संतोष दास महंत (36 वर्ष), निवासी अटल आवास खरमोरा, वार्ड क्रमांक 23, कोरबा को 25 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय में पेश किया गया।

इस मामले में पॉक्सो एक्ट सहित भारतीय न्याय संहिता और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

दूसरा मामला: सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज भेजकर महिला को कर रहा था परेशान, आरोपी गिरफ्तार

दूसरे मामले में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति द्वारा व्हाट्सएप और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उसे और उसके परिजनों को अश्लील संदेश एवं आपत्तिजनक फोटो भेजे जा रहे थे। इतना ही नहीं, आरोपी द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी।

महिला की शिकायत पर अपराध क्रमांक 704/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 79, 296 एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच के लिए सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र, थाना सिविल लाइन की टीम को जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से मोबाइल नंबरों की सीडीआर और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद पुलिस टीम ने जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के ग्राम खोरसीनाला, पनगांव में दबिश देकर आरोपी अश्थेश्वर रात्रे (24 वर्ष), पिता मनाराम रात्रे, निवासी ग्राम खोरसीनाला पनगांव को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया रेडमी मोबाइल फोन और व्हाट्सएप चैट व इंस्टाग्राम संदेशों के स्क्रीनशॉट भी जब्त किए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड मिलने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

Share This Article