प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देख भड़का प्रेमी, प्रेमिका को उतारा मौत के घाट; दो दिन बाद झाड़ियों में मिला शव 

By Atul Yadav - Editor
4 Min Read

जांजगीर-चांपा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जांजगीर-चांपा जिले में प्रेम संबंधों के विवाद ने एक महिला की जान ले ली। महिला को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर नाराज हुए उसके 51 वर्षीय प्रेमी ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और शव को गांव के पास झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिन तक महिला की तलाश चलती रही, लेकिन किसी को उसकी भनक तक नहीं लगी। आखिरकार आरोपी ने खुद अपने बेटे के सामने हत्या की बात कबूल कर ली।

यह मामला बलौदा थाना क्षेत्र की पंतोरा चौकी अंतर्गत अंगारखार गांव का है। मृतका की पहचान धनेश्वरी बाई (45) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी शिवचरण यादव (51) उसी गांव का निवासी है।

दूसरे व्यक्ति के साथ देखकर भड़का आरोपी
जानकारी के मुताबिक धनेश्वरी बाई के पति की शादी के कुछ समय बाद ही मौत हो गई थी। वह अपने बच्चों के साथ रहती थी। इसी दौरान उसकी नजदीकियां गांव के ही शादीशुदा शिवचरण यादव से बढ़ गईं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

बताया जा रहा है कि रविवार को शिवचरण ने धनेश्वरी को किसी दूसरे व्यक्ति के साथ देख लिया। इसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हो गया। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति वहां से चला गया। इसके बाद शिवचरण ने कथित तौर पर धनेश्वरी की हत्या कर दी और शव को गांव के पास नल के नजदीक झाड़ियों में छिपाकर घर लौट आया।

दो दिन तक नहीं चल सका पता
घटना के बाद धनेश्वरी अचानक लापता हो गई। दो दिनों तक उसका कोई पता नहीं चलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी महिला का सुराग नहीं मिला तो गांव में बैठक बुलाई गई।

बैठक के दौरान शिवचरण पर संदेह जताया गया और उसे बुलाकर पूछताछ की गई। हालांकि, उसने महिला के बारे में कुछ भी जानकारी होने से इनकार कर दिया।

बेटे को बताया सच, फिर खेत में बेहोश मिला
पुलिस के अनुसार गांव की बैठक से घर लौटने के बाद शिवचरण ने अपने बेटे दुर्गेश यादव को बताया कि उससे बड़ी गलती हो गई है और उसने धनेश्वरी की हत्या कर दी है।

इसके कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश की तो वह खेत में बेहोशी की हालत में मिला। उसने कथित तौर पर जहर खा लिया था। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए कोरबा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसका इलाज जारी है।

अस्पताल में पूछताछ के बाद मिला महिला का शव
अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से जहर सेवन की सूचना पंतोरा चौकी पुलिस को दी गई। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर शिवचरण से पूछताछ की। इस दौरान उसने धनेश्वरी की हत्या करने और शव को नल के पास झाड़ियों में छिपाने की बात बताई।

आरोपी की निशानदेही पर बुधवार सुबह पुलिस टीम मौके पर पहुंची और झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Share This Article