कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: संविधान दिवस के विशेष अवसर पर Eagle Vision International School, Korba द्वारा कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों के लिए जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर भारतीय संविधान, न्यायपालिका की कार्यप्रणाली तथा मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।
इस शैक्षणिक पहल का आयोजन विद्यालय के डायरेक्टर श्री संतोष यादव एवं प्रिंसिपल श्रीमती अनीता राठौर के मार्गदर्शन में किया गया। भ्रमण के दौरान गणित शिक्षिका अंजली कश्यप, हिंदी शिक्षिका आभा मैडम एवं श्रीमती चेतना प्रधान भी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं।
न्यायालय परिसर में विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रिया, न्यायाधीशों की भूमिका और भारतीय लोकतंत्र में न्यायपालिका के महत्व से परिचित कराया गया। साथ ही उन्हें माननीय न्यायाधीशों से मिलने एवं उनका मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने संविधान दिवस के महत्व, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्याय व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
विद्यालय के डायरेक्टर श्री संतोष यादव ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ना है, ताकि वे जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बन सकें। वहीं प्रिंसिपल अनीता राठौर ने इस पहल को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
विद्यालय परिवार ने इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों को अपना बहुमूल्य समय और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए न्यायालय प्रशासन एवं सभी माननीय न्यायाधीशों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
संविधान दिवस पर EVIS के विद्यार्थियों ने किया जिला न्यायालय का शैक्षणिक भ्रमण, न्यायिक व्यवस्था की समझ से हुए रूबरू
