रायपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। सार्वजनिक स्थलों और खाद्य प्रतिष्ठानों में गंदगी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम की टीम ने औचक निरीक्षण कर दो संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की। जांच में भारी गंदगी पाए जाने पर चांद बेकरी और भाठागांव शराब दुकान के अहाता संचालक पर 10-10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम जोन क्रमांक 6 के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जनशिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की। पहली जांच चंद्रशेखर आजाद वार्ड क्रमांक 60 के अयोध्या नगर स्थित चांद बेकरी में की गई। यहां निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब मिली। स्वच्छता मानकों की अनदेखी सामने आने पर निगम ने बेकरी संचालक पर तत्काल 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया। साथ ही भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने की चेतावनी दी।
वहीं दूसरी कार्रवाई भाठागांव स्थित शराब दुकान के अहाता में की गई। यहां भी निरीक्षण के दौरान जगह-जगह कचरा और गंदगी मिलने पर संबंधित संचालक को जिम्मेदार ठहराते हुए 10 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया। जोन कमिश्नर के निर्देश पर जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने मौके पर कार्रवाई करते हुए संचालक को स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।
शिकायतों पर निगम का त्वरित एक्शन
दोनों स्थानों पर मिली अनियमितताओं के बाद नगर निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर की स्वच्छता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। जनशिकायतों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जाएगा और गंदगी मिलने पर नियमानुसार आर्थिक दंड सहित अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
