कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर में शनिवार सुबह आगजनी की एक घटना ने महाराणा प्रताप चौक के आसपास हड़कंप मचा दिया। सीएसईबी चौकी क्षेत्र में स्थित अब्दुल्ला टायर दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना के दौरान आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और काफी प्रयास के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की।
दरअसल महाराणा प्रताप चौक के पास मोहम्मद नौशाद की अब्दुल्ला टायर नाम से दुकान है। शनिवार सुबह एक स्थानीय व्यक्ति ने फोन कर दुकान में आग लगने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दुकान संचालक मौके पर पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के बाहर रखे टायर आग की लपटों में घिरे हुए थे, जबकि आग अंदर तक पहुंच चुकी थी।
लोगों की सूझबूझ से बचीं आसपास की दुकानें
आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए आगे आए। सभी ने मिलकर पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी। राहत की बात यह रही कि आग आसपास की दूसरी दुकानों तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। इस घटना में दुकान के बाहर रखे टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आगजनी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दुकानदार को साजिश का संदेह, पुलिस से जांच की मांग
दुकान संचालक मोहम्मद नौशाद ने आग से करीब एक लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। उन्होंने घटना के पीछे किसी असामाजिक तत्व का हाथ होने की आशंका व्यक्त की है। नौशाद के मुताबिक, इलाके में रात के समय कुछ लोग नशे की हालत में घूमते रहते हैं। ऐसे में उन्हें संदेह है कि किसी ने जानबूझकर टायरों में आग लगाई होगी।
हालांकि आग लगने की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। घटना की सूचना सीएसईबी चौकी पुलिस को दे दी गई है। दुकानदार ने पुलिस से मामले की जांच कर घटना के पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
