कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले में शासकीय जमीनों को कब्जामुक्त कराने और नागरिक सुविधाओं के रास्ते में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले के दो अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई के दौरान कहीं सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाए गए, तो कहीं नाली निर्माण में बाधा बन रहे निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया।
कटघोरा अनुविभाग के ग्राम अरदा में राजस्व विभाग की टीम ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया। एसडीएम विपिन दुबे के निर्देश पर तहसीलदार सूर्यप्रकाश केशकर, नायब तहसीलदार अमरदीप अंचल सहित राजस्व अमले ने मौके पर पहुंचकर बेदखली की कार्रवाई की। बताया गया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण से संबंधित 27 मामलों में पहले ही बेदखली के आदेश जारी किए जा चुके थे। इन्हीं आदेशों के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
नाली निर्माण के लिए रास्ता साफ, एक्सकैवेटर से हटाए गए कब्जे
इधर, गेवरा-दीपका नगर पालिका क्षेत्र के सोमवारी बाजार में भी अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई। यहां लंबे समय से नाली जाम होने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी हुई थी। पानी की निकासी बाधित होने से स्थानीय लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने की परेशानी सामने आ रही थी।
समस्या के स्थायी समाधान के लिए वार्डवासियों ने नगर पालिका से नाली निर्माण की मांग की थी। इसके बाद 16 लाख रुपये की लागत से निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई। शुक्रवार से काम शुरू होना प्रस्तावित है। हालांकि, नाली निर्माण के निर्धारित स्थल पर कुछ लोगों के अवैध कब्जे बाधा बने हुए थे।
नगर पालिका की ओर से संबंधित कब्जाधारियों को पहले नोटिस जारी कर स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद कब्जे नहीं हटाए जाने पर नगरपालिका अमले ने एक्सकैवेटर की सहायता से नाली के ऊपर किए गए अवैध निर्माण को हटवा दिया।
नगर पालिका सीएमओ नेतराम रत्नेश के मुताबिक, वार्डवासियों की मांग और जलनिकासी की समस्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
प्रशासन की दोहरी कार्रवाई से साफ संदेश
ग्राम अरदा में सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने और सोमवारी बाजार में जनसुविधा के लिए रास्ता साफ करने की कार्रवाई से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध कब्जों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अब नाली निर्माण पूरा होने के बाद सोमवारी बाजार के लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
कोरबा में अतिक्रमणकारियों पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 27 मामलों में बेदखली और बाजार में अवैध निर्माण ध्वस्त
