कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: बालको क्षेत्र में प्रस्तावित फोरलेन सड़क चौड़ीकरण का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। सड़क निर्माण की तैयारियों के बीच बस्ती में रहने वाले परिवारों और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासनिक अधिकारियों के हालिया निरीक्षण के बाद अतिक्रमण हटाए जाने की आशंका ने स्थानीय लोगों को लामबंद कर दिया है। प्रभावितों ने साफ कर दिया है कि बिना पुनर्वास और उचित मुआवजे के उन्हें हटाने की कोशिश हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
दरअसल बालको क्षेत्र में फोरलेन सड़क निर्माण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। कुछ दिन पहले अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का जायजा लिया था। इसके बाद संभावित कार्रवाई की चर्चाओं ने बस्ती में हलचल बढ़ा दी है। वर्षों से यहां रहकर परिवार चलाने वाले लोगों का कहना है कि उनकी आजीविका और आशियाने को लेकर कोई ठोस योजना सामने आए बिना हटाने की कार्रवाई करना उनके साथ अन्याय होगा।
उद्योग मंत्री से गुहार के बाद पूर्व मंत्री के दरवाजे पहुंचे प्रभावित
अपनी परेशानी को लेकर प्रभावित बस्तीवासी पहले कोरबा विधायक एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन से मुलाकात कर चुके हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने अपनी स्थिति से मंत्री को अवगत कराया, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस आश्वासन या समाधान नहीं मिला। इसके बाद बड़ी संख्या में प्रभावित परिवार पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के निवास पहुंचे और अपनी समस्या रखते हुए समर्थन मांगा।
जयसिंह अग्रवाल ने बस्तीवासियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण विकास का हिस्सा है, लेकिन विकास के नाम पर गरीबों और छोटे कारोबारियों की रोजी-रोटी छीनना उचित नहीं है। उन्होंने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि 15 साल विधायक और पांच साल मंत्री रहने के दौरान उन्होंने किसी का ठेला तक नहीं हटवाया।
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के आने के बाद से बालको क्षेत्र के छोटे व्यापारियों को हटाने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सड़क चौड़ीकरण के विरोधी नहीं हैं, लेकिन प्रभावितों को मौजूदा व्यवस्था के अनुरूप राहत और उचित समाधान मिलना चाहिए। जरूरत पड़ने पर उन्होंने बस्तीवासियों के समर्थन में सड़क पर उतरने की बात भी कही।
पार्षद ने भी उठाई प्रभावितों के पक्ष में आवाज
स्थानीय पार्षद बद्री किरण ने भी बस्तीवासियों की मांगों को जायज बताते हुए प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की अपील की है। उनका कहना है कि किसी भी विकास कार्य में प्रभावित परिवारों और छोटे व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
विकास और विस्थापन के बीच फंसा बालको का मामला
फिलहाल बालको फोरलेन चौड़ीकरण को लेकर एक तरफ निर्माण की तैयारियां हैं तो दूसरी तरफ विस्थापन की आशंका से परेशान स्थानीय लोग हैं। अब निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि क्या सड़क निर्माण से पहले प्रभावितों के पुनर्वास, मुआवजे और रोजगार से जुड़े मुद्दों का समाधान निकलेगा या फिर यह विवाद आंदोलन का रूप लेगा।
बालको फोरलेन चौड़ीकरण पर बढ़ा विवाद, विरोध में लामबंद हुए बस्तीवासी, आंदोलन की चेतावनी, पूर्व मंत्री का मिला समर्थन
