कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों ने कटघोरा-पेंड्रा स्टेट हाईवे पर बिंझरा चौक पर बड़ी तादाद में पहुंचे और मार्ग को दोनों ओर से जाम कर दिया। सुबह से ही ग्रामीण अपनी मांगों को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। देर रात प्रशासन से आश्वासन मिलने के बाद 12 घंटे के चक्काजाम के बाद पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के 9 गांव के ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।
शुक्रवार को अपनी विभिन्ना मूलभूत मांगों को लेकर ग्रामीणों ने अनोखा प्रदर्शन किया। पहले ग्रामीणों ने कलेक्टर अजीत वसंत के फोटो को अगरबत्ती दिखाई और कलेक्टर से कहा की उनकी मांगे जल्द से जल्द पूरी की जाए। प्रर्दशन के दौरान यात्री बसों व अन्य वाहनों की लंबी कतार मार्ग पर लग गई थी। यात्रियों और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चक्का जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई बात नहीं बनी। काफी समझाइश के बाद देर रात प्रशासन की ओर से सोमवार से काम चालू करने के साथ ही 15 दिनों के भीतर समस्या का समाधान कर देने का आश्वासन दिया गया। जिसके बाद ग्रामीणों प्रदर्शन समाप्त किया।
