कोरबा: युवक ने फांसी के फंदे से लटककर दी जान, बाइक गुम होने के बाद तनाव में था मृतक

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बलगीखार में सोमवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान दीपक कंवर के रूप में हुई है। वह अविवाहित था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले उसकी बाइक गुम हो गई थी। परिजनों का कहना है कि बाइक नहीं मिलने के बाद से वह काफी तनाव में रहने लगा था और अक्सर इसी बात को लेकर चिंता जताता रहता था।

रविवार देर रात दीपक घर लौटा और भोजन करने के बाद अपने कमरे में चला गया। सोमवार सुबह काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। संदेह होने पर खिड़की से झांककर देखा तो वह कमरे में फंदे पर लटका हुआ मिला। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा गया और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई। पुलिस की जांच के दौरान कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।

पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर लिए हैं। फिलहाल मौत के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article