चुनाव से एक दिन पहले जनपद सदस्य प्रत्याशी की मौत, जताई जा रही यह आशंका
जशपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां तीसरे चरण के मतदान से एक दिन पहले जनपद पंचायत सदस्य प्रत्याशी संजय लहरे की मौत हो गई। जिसके बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है। हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
बता दें कि छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान 23 फरवरी को होना है। पत्थलगांव जनपद पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 6 में भी रविवार को वोटिंग होनी है। इससे पहले जनपद सदस्य प्रत्याशी की मौत से इलाके में शोक की लहर है। पत्थलगांव जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 6 से बूढ़ाडांड़ गांव के रहने वाले संजय लहरे प्रत्याशी थे। वे अलमारी चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे थे। उनकी मौत अचानक आज सुबह हुई। इस घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने दुख जताया है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि प्रचार के दौरान उनकी तबीयत खराब चल रही थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनावी तनाव का उनकी सेहत पर असर पड़ रहा था। संजय के अचानक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
