छत्तीसगढ़ में एल्बिनो भालू की दस्तक: हमले से सहमे ग्रामीण, जंगल में बढ़ाई गई निगरानी
जीपीएम: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के मरवाही वनमंडल क्षेत्र में एक दुर्लभ एल्बिनो (सफेद) भालू देखे जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। आमादांड गांव के जंगलों में काले भालुओं के बीच सफेद भालू नजर आने के बाद ग्रामीण हैरान हैं। हालांकि इस दुर्लभ वन्यजीव की मौजूदगी अब लोगों के लिए डर की वजह भी बन गई है।
जानकारी के मुताबिक सफेद भालू ने स्थानीय निवासी लल्लू ड्राइवर पर अचानक हमला कर दिया। हमले में उसके हाथों में गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है और लोग जंगल की ओर जाने से बच रहे हैं।
वन विभाग अलर्ट मोड पर
घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। वन अमला लगातार भालू की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
क्या होता है एल्बिनो भालू?
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई अलग प्रजाति नहीं है। भालू के शरीर में जीन परिवर्तन या रंगद्रव्य की कमी के कारण उसका रंग काले की बजाय सफेद दिखाई देता है। इस स्थिति को वैज्ञानिक भाषा में “एल्बिनिज्म” कहा जाता है। ऐसे वन्यजीव बेहद दुर्लभ माने जाते हैं और सामान्यतः जंगलों में बहुत कम दिखाई देते हैं।
