कोरबा: शादीशुदा युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पंखे से लटकती मिली लाश

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:   कोरबा के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र स्थित कोरई बस्तीपारा में एक युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक का शव कमरे में पंखे से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान 30 वर्षीय किशन कुमार के रूप में हुई है, जो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकला, तब परिजनों को शक हुआ। घरवालों ने कमरे में जाकर देखा तो किशन फंदे से लटका मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं।

जानकारी के मुताबिक किशन की शादी तीन साल पहले हुई थी। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था, जिसके कारण उसकी पत्नी मायके में रह रही थी। परिजनों का कहना है कि पारिवारिक तनाव के चलते किशन शराब पीने का आदी हो गया था।

रिश्तेदारों ने बताया कि घटना वाले दिन भी किशन रोज की तरह मजदूरी के लिए घर से निकला था। शाम को लौटने के बाद उसने खाना खाया और अपने कमरे में चला गया। परिवार को लगा कि वह सो रहा है, लेकिन सुबह उसकी लाश फंदे पर लटकी मिली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

Share This Article