कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: झोराघाट में पिकनिक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी में नहाने उतरे 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अलाउद्दीन के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार अलाउद्दीन अपने परिवार के साथ झोराघाट घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचा था। दोपहर के समय वह गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने उतरा लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह गहरे हिस्से में चला गया और डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत नदी में उतरकर उसे बाहर निकाला और इलाज के लिए कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि अलाउद्दीन को तैरना नहीं आता था और वह पहली बार झोराघाट आया था। इसी वजह से वह नदी की गहराई से अनजान था। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से झोराघाट जैसे पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि गहरे पानी वाले इलाकों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
