कोरबा में लापरवाही का खौफनाक नजाराः रस्सी में फंसकर 30 मीटर तक घिसटा बाइक सवार, विरोध करने पर मारपीट

By Atul Yadav - Editor
2 Min Read

कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज:  कोरबा में माल वाहन से सामान उतारने के दौरान हुई लापरवाही एक बाइक सवार के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। सड़क किनारे रस्सी खोलते समय उछली रस्सी एक बाइक सवार के गले में फंस गई, जिससे वह बाइक समेत करीब 20 से 30 मीटर तक घिसटता चला गया। घटना के बाद विरोध करने पर चालक और हमाल ने घायल व्यक्ति के साथ मारपीट भी कर दी।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार संजयनगर सीतामणी निवासी 52 वर्षीय राजू साहू बाजार से सामान लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। उसी समय वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 का चालक सड़क किनारे माल उतार रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक और हमाल रस्सी को घुमाकर खोल रहे थे। तभी अचानक रस्सी उछलकर राजू साहू के गले में फंस गई। इससे संतुलन बिगड़ने पर वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और कई मीटर तक घिसटते रहे। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं।

पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपी चालक मनोज चंद्रा उर्फ महेंद्र चंद्रा और हमाल समीर चौहान भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और घायल राजू साहू के साथ मारपीट शुरू कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया।

घायल राजू साहू ने किसी तरह कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महेंद्र चंद्रा और समीर चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351 (3) और 3 (5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article