कोरबा/सीजी एनएन 24 न्यूज: कोरबा जिले के गोढ़ी स्थित प्रेम एंटरप्राइजेज राखड़ ईंट फैक्ट्री में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मशीन की सफाई के दौरान एक महिला मजदूर मशीन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में ग्रामीणों और मजदूरों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और शव उठाने से इनकार कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच हुआ। फैक्ट्री में उस समय 4-5 मजदूर काम कर रहे थे। मृतका लंबे समय बाद सोमवार को ही काम पर लौटी थी। बताया जा रहा है कि मशीन चालू हालत में थी और सफाई के दौरान अचानक उसका लीवर नीचे गिर गया। महिला मशीन में दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन और ग्रामीण फैक्ट्री पहुंच गए। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उचित मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि मृतका के नाबालिग बेटे अयांश के भविष्य की जिम्मेदारी तय की जाए, तभी शव उठाने दिया जाएगा।
सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। मामला बढ़ने पर रामपुर विधायक फूल सिंह राठिया और स्थानीय जनप्रतिनिधि अरविंद भगत ने हस्तक्षेप किया। करीब चार घंटे तक चली बातचीत के बाद फैक्ट्री संचालक प्रदीप अग्रवाल, पुलिस और ग्रामीणों के बीच सहमति बनी।
समझौते के तहत मृतका के परिवार को तत्काल 75 हजार रुपए नकद सहायता दी गई। वहीं, मृतका के बेटे अयांश के नाम पर 2 लाख रुपए की एफडी कराने पर सहमति बनी। इसके अलावा 18 साल की उम्र तक हर महीने 1500 रुपए भरण-पोषण राशि देने और बालिग होने पर फैक्ट्री में नौकरी देने का आश्वासन भी दिया गया। समझौते के बाद ग्रामीणों ने शव उठाने दिया।
