मुहिम चलाकर लोगों को किया एकत्रित….. थियेटर रहा हाउसफुल

Anil Jatwar
8 Min Read

बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज:  फिल्म निर्देशक अनंत नारायण महादेवन की फिल्म “फूले” 11 अप्रैल 2025 को पूरे भारत में रिलीज हुई है, यह मूवी महात्मा ज्योतिबा फूले एवं माता सावित्रीबाई फूले जी के जीवन संघर्ष पर आधारित है। चूंकि असलियत की बात यह है कि, जातिवादी मानसिकता के कारण छत्तीसगढ़ के 95% सिनेमाघरों में यह फिल्म नहीं लगी है लेकिन जिन 5% जगहों पर लगी वहां के लोगों ने संघर्ष कर के उस फिल्म को लगवाया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी इसी ओछी मानसिकता के तहत किसी भी सिनेमा घर में फिल्म को नहीं लगाया जा रहा था। लेकिन बिलासपुर के कुछ क्रांतिकारी युवाओं ने जिनके नाम इस प्रकार हैं , लोकेश पूजा बौद्ध, पूजा लोकेश बौद्ध , सुनील जाटवर , रोशनी बंजारे , रॉनित , वंदना भांगे ने एक मुहिम चलाकर लोगों को एकत्रित किया , इस मुहिम के तहत 36 मॉल, ग्लिट्ज सिनेमा में 1 मई 2025 को फूले फिल्म लगाई गई । खुशी की बात है कि थियेटर हाउसफुल रहा। 250 लोग इस ऐतिहासिक आंदोलन के साक्षी बने।



फिल्म के बारे में:-

पहली महिला शिक्षकों की कहानी

फिल्म ‘फुले’ अंग्रेजों से आजादी के लिए चल रही लड़ाई के साथ साथ चलती फिल्म है। कूड़े के बीच छिपकर बेटियां पढ़ने पहुंच रही हैं। एक ब्राह्मण ने ज्योतिराव और सावित्री को अपने घर मे लड़कियों का स्कूल चलाने की जगह दी है। बेटियां पढ़ेंगी तो घर का काम कौन करेगा? जैसी सोच वाले हिंदुओं के चंद पुजारी और मुसलमानों के कुछ मौलवी इसका विरोध करते हैं। जान से मारने के लिए हमला करवाते हैं। सरेराह बेइज्जती करते हैं। पर फेंकने वालों का गोबर कम पड़ गया और फुले दंपती ने वह कर दिखाया जिसका जिक्र आज तक हो रहा है। खुद को शरण देने वाले परिवार की युवती फातिमा के साथ मिलकर सावित्री ने स्त्री शिक्षा की अलख जगाई। उनके ही स्कूल की एक छात्रा के निबंध से दलित साहित्य की नींव पड़ी और फिर दलितों की शादी में फुले ने खुद ही मंत्रोच्चार करके यह भी जताया कि वर्ण व्यवस्था का आधार सामाजिक से अधिक आर्थिक है। यह एक ऐसी क्रांति की शुरुआत है जिसकी नींव उस शिक्षा पर रखी गई जो ज्योतिराव को उसके पिता ने बचपन में दिलाई। पिता इसके लिए खुद को कोसता भी है लेकिन ज्योतिराव ने पहले अपनी पत्नी को पढ़ाया। फिर उसके साथ मिलकर और बेटियों को पढ़ाया और फिर ये सिलसिला चल निकला।

जातियों में एका का संदेश देती फिल्म

स्त्री शिक्षा और सामाजिक समरसता की इस कमाल की कलाकृति के कथानक पर सेंसर बोर्ड को क्या दिक्कत हो सकती है, शोध करने वाली बात है। ज्योतिबा फुले ने सत्यशोधक समाज की स्थापना की। उसमें सिर्फ दलित ही नहीं रहे बल्कि अगड़ी जातियों के लोगों ने भी उनका साथ दिया। अछूत कहकर बुलाए जाने वालों के लिए जिसने अपने घर के आंगन में कुआं खोद दिया हो, जिसने एक अनाथ विधवा के बच्चे को अपना बच्चा मानकर अपना लिया हो, उसकी कहानी तो पाठ्यक्रमों में शामिल होनी चाहिए और वह भी पूरे देश में, लेकिन गुजरात के महात्मा को तो पूरा देश जानता है पर महाराष्ट्र के इस आधिकारिक महात्मा को? हो सकता है पचास के अरते परते पहुंच चुके लोग ज्योतिबा फुले और सावित्री फुले के बारे में जानते हों, लेकिन क्या उनको भी ये पता होगा कि समाज में बराबरी का हक लड़ने की लड़ाई में जब ज्योतिबा फुले को ईसाई धर्म अपनाने का न्यौता मिला तो क्या हुआ? कैसे आखिरकार उस समय के सामंतों को ये बात समझ आई कि हिंदू धर्म को जातियों में विभाजित करने का षडयंत्र जो अंग्रेजों ने रचा है, ज्योतिराव उसके खिलाफ है।

अनंत के साहस को सलाम करती फिल्म

फिल्म ‘फुले’ एक कालखंड को सहेजती फिल्म है। फिल्म को बिना किसी पूर्वाग्रह के और विस्तृत नजरिये से देखेंगे तो ये हिंदी सिनेमा का एक नया आईना नजर आएगा। ब्राह्मणों ने यदि निचली जातियों पर किसी समय में अति की है, तो उसके सच का सामना आज की पीढ़ी को करना ही चाहिए। जो बात रिकॉर्ड में है, उसे झुठलाया नहीं जा सकता। और, न ही अपने अतीत से मुंह मोड़कर या उसे छुपाकर ही कोई समाज आगे बढ़ सकता है। इतिहास को तोड़ मरोड़कर, उसे किसी खास नजरिये से पेश करने की कोशिशें भी कम नहीं हो रही हैं, सिनेमा में, लेकिन 74 साल का एक ब्राह्मण बतौर निर्देशक अगर एक ऐसी कहानी कहने निकला है, जिसमें उसके अपनों पर ही उंगलियां उठती दिखती है, तो ये उसके साहस की बानगी है। अनंत नारायण महादेवन ने सत्य और साहस के साथ ये फिल्म बनाई है। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इसे पुरस्कार मिलता है या नहीं, इससे तय होगा कि इस कालखंड के निर्णायकों मे कितना पूर्वाग्रह है और कितना नहीं?

स्कूलों में मुफ्त दिखाने लायक फिल्म

रही बात फिल्म के तकनीकी विस्तार की तो, अभिनय के मामले में प्रतीक गांधी और पत्रलेखा ने अपना सबकुछ इस फिल्म में झोंक देने की कोशिश की है। युवा ज्योतिबा के मुकाबले बुजुर्ग ज्योतिबा के किरदार में प्रतीक का काम प्रशंसनीय है। उनको अपनी एक खास मैनरिज्म का खतरा शुरू से रहा है, वह कुछ-कुछ पंकज त्रिपाठी वाली कमजोरी में भी अटके दिखते हैं जिसमें हर संवाद वह बस एक ही ढर्रे में बोल जाते हैं। हालांकि, जैसे जैसे फिल्म आगे बढ़ती है प्रतीक का अभिनय किरदार के साथ समरस होता जाता है। पत्रलेखा ने अपने चेहरे के साथ जो भी प्रयोग किए हैं, वे इस फिल्म के सहज प्रवाह में शुरुआती दृश्यों में बड़ी बाधा बनते हैं। उनको सावित्री बाई के किरदार में स्वीकारने में समय लगता है। हिंदी भी उनकी स्पष्ट नहीं है, प्रतीक के मुकाबले मराठी भी उन्होंने कम ही बोली है। फिर भी, दोनों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने लायक काम किया है। हां, ऐसी काल विशेष की कहानियों में किरदारों में कलाकारों का खो जाना बहुत जरूरी है। फिल्म के सहायक कलाकारों में विनय पाठक और एलेक्स ओ नील का काम अत्यंत प्रभावी है। मोनाली ठाकुर का गाया और कौसर मुनीर का लिखा गाना ‘साथी’ फिल्म को भावुक बनाने में बहुत मदद करता है। ओपनिंग क्रेडिट्स में फिल्म की सिनेमैटोग्राफर सुनीता राडिया का नाम शायद नहीं दिखा, लेकिन, काम उनका भी बोलता है। रौनक फडनिस ने संपादन में फिल्म को चुस्त रखा है। दो घंटे 10 मिनट की ये फिल्म पूरे देश के स्कूलों में मुफ्त दिखाई जानी चाहिए और अगर ऐसा न हो तो कम से कम इसे जीएसटी से तो आजाद कर ही देना चाहिए।

Share This Article