मशरूम खाने के बाद बिगड़ी एक ही परिवार के 10 लोगों की तबीयत, मचा हड़कंप
सूरजपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के 10 सदस्य जंगली मशरूम की सब्जी खाने के बाद बीमार पड़ गए। यह मामला डेडरी गांव का है। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार डेडरी गांव निवासी एक परिवार के कुछ सदस्य जंगल से मशरूम तोड़कर लाए थे। परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर उसे पका कर खाया, खाना खाने के कुछ समय बाद ही सभी को उल्टी और चक्कर आने लगे। इसकी जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी का इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि समय पर इलाज मिलने से सभी की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
डॉक्टरों के अनुसार जंगलों में उगने वाले मशरूम प्रायः विषैले होते हैं और सामान्य लोगों के लिए उनमें से खाने योग्य मशरूम की पहचान कर पाना बेहद कठिन होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अज्ञात जंगली मशरूम का सेवन बिल्कुल न करें, क्योंकि यह जानलेवा भी हो सकता है।
