9वीं की छात्रा ने अरपा नदी में कूदकर की आत्महत्या, मचा हड़कंप
बिलासपुर/सीजी एनएन 24 न्यूज: शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। राजकिशोर नगर की रहने वाली कक्षा 9वीं की छात्रा अदिति ने बीती रात अरपा नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात अदिति अपने घर में पढ़ाई कर रही थी। लगभग रात डेढ़ बजे वह अचानक कमरे से बाहर निकली और तेजी से घर से बाहर दौड़ पड़ी। उसकी बड़ी बहन भी पीछे-पीछे गई और रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक अदिति छठघाट पुल तक पहुंच चुकी थी। पुल पर पहुंचते ही उसने नदी में छलांग लगा दी।

घटना देखकर उसकी बहन और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। तुरंत सरकंडा थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और कुछ देर की मशक्कत के बाद छात्रा का शव बरामद कर लिया।
मृतका के पिता अरुण कुमार ने बताया कि घटना के समय वे और उनकी पत्नी ऊपर के कमरे में थे, जबकि नीचे की मंज़िल पर दोनों बेटियां पढ़ाई कर रही थीं। अचानक अदिति कमरे से निकली और भागने लगी। उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि बेटी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
